शिमला, 26 मार्च : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जन्मदिन के मौके पर विपक्षी दल भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या और खरीद फरोख्त की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही भाजपा को इससे परहेज़ करने की नसीहत भी दे डाली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जन्म दिवस समारोह के मौके पर कहा कि उनका सपना है कि वर्ष 2027 तक प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जाए, जिसके लिए सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2032 तक सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश को देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनाया जा सके, इसके लिए उनकी सरकार काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश में हुए राजनीतिक घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 फरवरी को बजट पारण के साथ ही उनके लिए राहत भरा समय है । राजनीतिक जीवन में इस तरह की चुनौतियों का कई बार सामना किया है। आपदा की चुनौती का सामना किया, अब राजनीतिक चुनौती का भी सामना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बजट में प्रदेश के बेसहारा बच्चों को सहारा मिला, दूसरे बजट में विधवाओं के बच्चों को सहारा दिया।प्रदेश के कर्मचारियों का लंबित DA देने का काम किया। महिलाओं को 1500 पेंशन के रूप में सम्मान निधि दी।
सीएम ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या करना बंद करें। विधायकों की खरीद फरोख्त करना बंद करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अप्रैल से वह प्रदेश में अपना प्रवास शुरू करेंगे और मैदान-ए-जंग में विपक्ष को जवाब देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश की जनता लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली है। जनता 4 जून को प्रदेश में आया राम गया राम वाली राजनीति का जवाब देगी।
इस दौरान सुप्रिया श्रीनेत की कंगना रनौत को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी वाले मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की बेटी हैं। उनके पिता को कांग्रेस ने अपना जनरल सेक्रेटरी बनाया था। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को सम्मान देने वाली पार्टी है।
महिलाओं को सम्मान देने वाली इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना वर्तमान प्रदेश सरकार ने शुरू की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा भी महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार कई योजनाएं लेकर आई है।