शिमला, 11 मार्च : रोहड़ू उपमण्डल के टिक्कर इलाके में एक बोलेरो कैम्पर खाई में गिर गई। बोलेरो में दो बच्चों सहित आठ लोग सवार थे। हादसे में दादा व पोते की मौत हो गई। वहीं, छह अन्य घायल हैं। इनका सिविल अस्पताल रोहड़ू में उपचार चल रहा है। हादसा रविवार दोपहर बाद टिक्कर इलाके में हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो (HP10B -9385) रविवार दोपहर पूजारली के चरोट कैंची में सड़क से फिसलकर करीब 150 फिट गहरी खाई में पलट गई। हादसे की वजह चालक की लापरवाही बताई जा रही है। सूचना मिलने पर रोहड़ू पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
हादसे में मृतकों की पहचान अक्षत (10) पुत्र कांशीराम और बहादुर सिंह (65) पुत्र बौखल के रूप में हुई है। मृतक दादा और पोता हैं। ये टिक्कर के गजानंदली के रहने वाले थे। हादसे में अक्षत की मां पूनम (33) व पांच अन्य घायल हुए हैं। घायलों में सत्या देवी (55) सीमा (30) सीमा (10) गीता (35) और चालक अमर खतरी (35) शामिल हैं।
डीएसपी रोहड़ू रविन्द्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।