शिमला, 10 मार्च : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार महिलाओं से छल कर रही है। जिस तरह से विधानसभा चुनाव के समय प्रदेश की माताओं बहनों से महिला सम्मान निधि के नाम पर फार्म भरवाए गए। उसी प्रकार इस बार लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस सरकार महिलाओं से सम्मान निधि के नाम पर फिर से फॉर्म भरवा रही है। कांग्रेस सरकार पूरी तरह बेनक़ाब हो गई है अब प्रदेश के लोग इनके झांसे में नहीं आने वाले हैं। प्रदेश के लोग लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस की कारगुजारियों का करारा जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा महिला सम्मान निधि के जो फार्म भरवाए गए थे उन फॉर्म का क्या हुआ और चुनाव आते ही कांग्रेस को महिला सम्मान निधि की याद क्यों आती है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महिला सम्मान निधि के न तो नियम स्पष्ट है और न ही कोई अधिसूचना जारी हुई है। सबसे हैरानी की बात ये है कि दो हफ़्ते पहले पारित बजट में भी इस योजना का कोई ज़िक्र नहीं है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि सरकार इस योजना को कैसे शुरू करेगी और कौन से लोग इस योजना के पात्र होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 22 लाख महिलाएं ऐसी हैं जिनकी उम्र 18 वर्ष से 60 वर्ष के बीच है और कांग्रेस की गारंटी के अनुसार पात्र हैं। कांग्रेस के सभी नेताओं ने भी साफ़ तौर पर कहा था कि प्रदेश की 18-60 वर्ष के बीच की सभी महिलाओं को बिना किसी शर्त महिला सम्मान निधि दी जाएगी। लेकिन मुख्यमंत्री ने हाल ही में जो घोषणा की है वह अपने आप में विरोधाभासी है। वह कहते हैं 5 लाख महिलाओं को यह राशि मिलेगी जिस पर 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जबकि गारंटी के अनुसार इस योजना पर 4 हज़ार करोड़ से ज़्यादा की धनराशि खर्च होगी। सरकार की इस घोषणा को न प्रदेश के लोग समझ पा रहे हैं और न ही इसे क्रियान्वित करने वाले अधिकारी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की इस चुनावी गारंटी में एक भी महिला को यह सम्मान राशि अब तक नहीं मिली है लेकिन प्रदेश के हर प्रमुख स्थानों पर इस योजना के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस योजना के तहत माताओं बहनों को योजना का लाभ देने की बजाय सरकार इस योजना के प्रचार-प्रसार पर ही पैसे खर्च कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार झूठी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के बजाए जनहित के कामों पर धन राशि खर्च करे तो ज्यादा बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार के किसी भी झूठ-फ़रेब में हिमाचल के लोग आने वाले नहीं हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। डॉक्टर सामूहिक हड़ताल पर हैं। अन्य सामान्य ऑपरेशन बंद हो गए हैं। लोगों को इलाज नहीं मिल रहा है और दर-दर भटकने को मज़बूर हो रहे हैं। माँगें न माने जाने पर डॉक्टर और भी रणनीति बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन सरकार आंख मूंद कर बैठी है। सरकार की इस नाकामी से लोगों की जान पर बन आयी है। आज तक प्रदेश में ऐसी सरकार किसी ने नहीं देखी है जिसको किसी भी चीज से फर्क ही नहीं पड़ता है। सरकार जल्दी से जल्दी स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करे।