शिमला, 8 मई : कांग्रेस को अपने खिलाफ साजिश करने वाले के विरुद्ध प्रत्याशी मिल गया है। पार्टी ने धर्मशाला सीट पर उप चुनाव के लिए देवेंद्र सिंह जग्गी को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस शुरू से ही ये आरोप लगा रही है कि पार्टी में विधायक की तोड़ फोड़ करने के जिम्मेदार सुधीर शर्मा हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक संबोधन में सुधीर शर्मा को साजिश का सरगना तक करार दे दिया था। जयराम सरकार के वक्त जग्गी धर्मशाला नगर निगम के मेयर थे। इस दौरान स्टेट विजिलेंस व एंटी क्रप्शन ब्यूरो ने सरकारी खजाने को एक करोड़ 40 लाख का नुकसान पहुंचाने के आरोप में जग्गी के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। कार्यकारी अधिकारी के खिलाफ भी विजिलेंस मुकद्मा हुआ था।
बता दें कि जग्गी पहले ही ‘बिकाऊ या टिकाऊ’ का नारा दे चुके हैं। इस समय हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी हैं। फिलहाल सुधीर शर्मा को टिकट देने पर भाजपा में बगावत की खबर अब तक नहीं आई है।
2022 के विधानसभा चुनाव में सुधीर शर्मा ने 45.53 प्रतिशत वोट हासिल कर चुनाव जीता था, जबकि भाजपा के टिकट पर राकेश चौधरी को 40.06 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे। आजाद उम्मीदवार विपिन कुमार नैहरिया ने भी संतोषजनक प्रदर्शन करते हुए 12.36 प्रतिशत वोट हासिल किए थे।
भाजपा को ये सीट जीतने के लिए कम से कम 45 से 48 प्रतिशत मतों की आवश्यकता होगी। यही आंकड़ा कांग्रेस के लिए भी हो सकता है। नामांकन वापस लेने की तारीख के बाद ही तस्वीर पूरी तरह से स्पष्ट होगी।
@R1