बिलासपुर,26 जून : हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में सोमवार को गुप्त नवरात्रों की अष्टमी बड़ी धूमधाम से मनाई जा रही है। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु अष्टमी पूजन के लिए माता के दरबार में पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं ने अष्टमी के इस पावन उपलक्ष्य पर माता की विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की। वहीं हवन यज्ञ कर अपने घर परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
वर्ष भर में 4 नवरात्रि मनाए जाते हैं, जिनमें दो गुप्त नवरात्र शामिल है। आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष एवं माघ मास शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्रि यहां बड़े धूमधाम से मनाए जाते हैं। हालांकि पहले ऋषि-मुनियों ने अपनी तांत्रिक सिद्धियों के लिए इन्हें गुप्त रखा था। लेकिन अब धीरे-धीरे गुप्त नवरात्र का प्रचलन बढ़ रहा है। गुप्त नवरात्रों के दौरान श्रद्धालु माता की पूजा अर्चना दर्शन हवन यज्ञ कर अपना जीवन धन्य करते हैं।
गुप्त नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मंदिर न्यास और जिला प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और ट्रैफिक व्यवस्था भी पूर्णतया सुचारू है।