सोलन, 24 जून : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने शूलिनी मेले को अगले साल से राष्ट्रीय स्तर का मेला घोषित किया है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा विगत सोलन के राज्यस्तरीय शूलिनी मेले की प्रथम संध्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि शूलिनी मेला जिला की परंपराओं, लोकनाट्य सहित विभिन्न विधाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ देश व प्रदेश के लोगों तक यहां की संस्कृति को पहुंचाने का काम कर रहा है। इसलिए शूलिनी मेले को अगले वर्ष से राष्ट्रीय स्तर के मेले के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है। कांग्रेस सरकार अगले 4 वर्षों में गरीब, बेरोजगार, महिलाओं व समाज के पिछड़े वर्गों के लिए कार्य करेगी। लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रदेश की सरकार कृतसंकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश एवं देश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अथक प्रयास करने होंगे। अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए उनकी सरकार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अगले 10 वर्षों में इस परिवर्तन के दौर में देश की आर्थिकी को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए उनकी सरकार कार्य करेगी। उन्होंने शूलिनी माता के मेले पर सभी लोगों को शुभकामनाएं दी।
शूलिनी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उनके साथ अर्की के विधायक संजय अवस्थी दून के विधायक रामकुमार व कसोली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी सहित विधायक कर्नल धनीराम शांडिल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शूलिनी मेले की स्मारिका का विमोचन एवं शूलिनी माता मंदिर की वेबसाइट की लॉन्चिंग भी की गई। प्राथमिक सांस्कृतिक संध्या मशहूर पंजाबी सिंगर जस्सी गिल के नाम रही, जिसमें एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उन्होंने सभी श्रोताओं को थिरकने पर मजबूर किया।
उन्होंने कहा कि वह सत्ता का सुख भोगने नहीं आए हैं। वह एक साधारण परिवार से है जो कि आम जनता का दुख-दर्द समझते हैं। आने वाले समय में वह प्रदेश रोजगार देने वाला प्रदेश बनाएंगे।