शिमला, 20 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप के इस्तीफे देने की चर्चा है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे की बातों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। नगर निगम शिमला चुनाव के बीच सुरेश कश्यप के त्यागपत्र की चर्चाओं की पुष्टि के लिए मीडिया लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उनकी तरफ से कोई रिस्पांस नहीं आया है। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तरफ से भी ऐसे किसी इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरेश कश्यप के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पद छोड़ने की चर्चा सियासी हल्कों में तेज है।

बता दें कि सुरेश कश्यप का प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यकाल इसी साल जनवरी में पूरा हो चुका है। दरअसल भाजपा ने 2020 में राजीव बिंदल को हटाकर सांसद सुरेश कश्यप को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया था। उनके कार्यकाल के दौरान हिमाचल में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इसमें 2021 में हुए 3 विधानसभा और एक लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार शामिल है। चारों उपचुनाव भी भाजपा हार गई।
इस बीच हिमाचल में चार नगर निगम के चुनाव हुए, जिसमें भाजपा को सिर्फ एक नगर निगम मंडी में जीत मिली। पंचायत चुनाव में भी भाजपा का अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था। चार माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा था। सुरेश कश्यप के शिमला संसदीय क्षेत्र की 17 सीटों में भाजपा को महज 03 सीटों पर ही जीत मिली है।