शिमला, 4 अप्रैल : “लिविंग लेजेंड इल्या राजा की फिल्म “म्यूज़िक स्कूल” 12 मई को रिलीज़ होगी। फिल्म का गीत “पढ़ते जाओ बच्चा” 5 अप्रैल को रिलीज़ होगा। यह गाना ऑफिशियल प्लेट फॉर्म्स पर सुनने को मिलेगा। साथ ही “आदित्या म्यूज़िक इंडिया” यू ट्यूब चैनल पर म्यूज़िक वीडियो देखा जा सकता है।
राव वियल्ला द्वारा प्रोड्यूस व निर्देशित फिल्म के इस गीत को लिविंग लेजेंड इल्या राजा के संगीत निर्देशन में रमन रघुवंशी व डॉ. सागर ने लिखा है। रमन के अनुसार 12 मई को फिल्म सिनेमा घर में रिलीज़ होगी, जिसमें शरमन जोशी, श्रेया सरन व प्रकाश राज मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ग्रेसी गोस्वामी व ओजु बरुआ भी छात्रों की भूमिका में दिखेंगे।
रमन रघुवंशी ने बताया कि फिल्म हिंदी, तेलगू व तमिल में रिलीज होगी। फिल्म के डायलॉग शिवानी टिबरेवाल ने लिखे हैं। पहले गीत ‘पढ़ते जाओ बच्चा’ को टीन ऐज सिंगर्स ने मिलकर गाया है। फिल्म में डीओपी किरण देवहंस ने खूबसूरती से फिल्माया है। किरण देवहंस ने कयामत से कयामत तक, कभी खुशी कभी गम और “जोधा अकबर” जैसी फिल्मों का फिल्मांकन किया है। 5 अप्रैल को शाम 4 से 6 बजे के बीच गाना रिलीज़ होगा। रमन ने बताया कि फिल्म में उन्होंने 6 गानों पर काम किया है।
इल्या राजा
संगीत नाटक अकादमी अवार्ड के अलावा पद्म भूषण, पद्म विभूषण रह चुके इल्या राजा को सरकार द्वारा राज्यसभा के सदस्य के लिए भी 2022 में नॉमिनेट किया गया था। प्रसिद्ध संगीतकार एआर रह्मान ने भी इनके मार्गदर्शन में अपने सफर की शुरुआत की थी। अमेरिकन वर्ल्ड सिनेमा पोर्टल के मुताबिक इल्या राजा आज तक के वर्ल्ड म्यूज़िक के इतिहास में 9वां स्थान रखते हैं। वो भारतीय संगीतकार, कम्पोजर, अरेंजर, सिंगर व लिरिसिस्ट है। तेलगु व तमिल में वर्चस्व रहा है। तकरीबन 1000 फिल्मों के लिए 7000 से ज्यादा गाने कंपोज किए हैं। इन्हें म्यूजिक जीनियस भी कहा जाता है।
रमन रघुवंशी
हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार के गांव में जन्में रमन इन दिनों मुंबई में बतौर स्टोरी स्क्रीन प्ले व डायलॉग राइटर कार्यरत हैं। इससे पहले रमन इसरो (ISRO) के स्पेस किड्स इंडिया (Space Kids India) के लिए गीत लिख कर कीर्तिमान स्थापित किया था। जिसका संगीत पुष्पा के प्रसिद्ध म्यूज़िक डायरेक्टर “रॉक स्टार डीएसपी ने दिया था। यह गीत अंतरिक्ष में गूंजने वाला भारत का पहला गाना है, जिसे इसरो ने आज़ादी सेट के साथ अंतरिक्ष में भेजा था।
6 साल पहले तक रमन रियलिटी शो के लिए सोलन में बच्चों को तैयार करवाते थे, जिसके चलते सोलन का हर शो में दबदबा रहा है। फिर वो जी टीवी इंडियाज़ बेस्ट ड्रामेबाज़ हो या फिर सोनी टीवी सबसे बड़ा कलाकार। रमन के गानों को अब तक शान, शबाब साबरी और मोहित चौहान जैसे धुरंदर गायकों की आवाज़ मिल चुकी है। आगामी समय में श्रेया घोषाल व जावेद अली की आवाज में भी रमन के लिरिक्स सुनने को मिलेंगे।