हमीरपुर, 12 दिसंबर : जिले में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया है। हमीरपुर जिले की 5 सीटों में से कांग्रेस ने 4 और एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। वहीं, इस बार सबसे दिलचस्प मुकाबला भोरंज विधानसभा सीट पर देखने को मिला। भोरंज से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार ने जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार ने बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान को सबसे कम यानी 60 वोटों के अंतर से हराया है।
कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार को 24779 वोट मिले हैं, जबकि अनिल धीमान को 24719 वोट मिले हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी पवन कुमार 6861 वोट के साथ तीसरे नंबर पर रहे। आम आदमी पार्टी के रजनी कौशल को 463 वोट, बहुजन समाज पार्टी के जरनैल सिंह को 302 वोट मिले।
वहीं, भोरंज विधानसभा क्षेत्र में 293 लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही वोट प्रतिशत की बात की जाए तो सुरेश कुमार को 43.16 फीसदी वोट मिले, जबकि अनिल धीमान को 43.05 फीसदी वोट मिले। वहीं, पवन कुमार को 11.95 फीसदी वोट मिले।
हमीरपुर जिले की भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा लगातार सात विधानसभा चुनावों में जीत का परचम लहराया था। यहां पर अब तक के इतिहास में एक दफा हुए उपचुनाव में भाजपा ने ही बाजी मारी थी। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को सात आम चुनाव और एक उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा। यहां पर साल 1990 से 2017 तक भाजपा ने लगातार आठ दफा जीत हासिल की थी। इन आठ जीत में सात जीत दिवंगत भाजपा नेता पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान और उनके बेटे अनिल धीमान के नाम है।
साल 2017 में आईडी धीमान के विधायक रहते देहांत होने पर उनके बेटे को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा और जीत हासिल की। इसके बाद 2017 में भाजपा ने टिकट बदला और महिला नेता कमलेश कुमारी पर दांव चलते हुए फिर जीत का परचम लहराया।