मंडी, 30 अक्तूबर : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मंडी जनपद के बल्ह में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है। सीएम 5 साल में अपना ड्रीम ही नहीं पूरा कर पाए तो हिमाचल की जनता का ड्रीम क्या पूरा करते। यह तंज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर रविवार को हिमाचल कांग्रेस पर्यवेक्षक प्रताप सिंह बाजवा ने कसा है। उन्होंने भाजपा का घेराव करते हुए कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार सबसे विफल सरकार रही है।
हिमाचल कांग्रेस ने जयराम सरकार के खिलाफ चार्जशीट लाई है। जयराम ठाकुर के कार्यकाल में प्रदेश में महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का ही बोलबाला रहा है। भाजपा ने 2017 में सत्ता से आने से पूर्व घोषणा पत्र जारी किया था। उन 10 घोषणाओं में से भाजपा एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है।
वहीं, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पुरानी पेंशन बहाली पर लगातार प्रदेश के कर्मचारियों को गुमराह करती रही। प्रदेश में चुनाव आज दहलीज पर है, और हर वर्ग आज जयराम के खिलाफ है। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना शुरू कर लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि जो सरकार देश की सेवा करने वाले जवानों को पेंशन व अन्य भत्ते नहीं दे सकती है। उसे सत्ता में बने रहने का कोई भी अधिकार नहीं है।
वहीं, प्रेस वार्ता के दौरान प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि 31 अक्टूबर को पार्टी की राष्ट्रीय नेता व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंडी में बड़ी जनसभा को संबोधित करने वाली है। इस रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला सहित प्रदेश के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस अपनी सरकार बनाएगी और जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
इस मौके पर उनके साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता व हिमाचल कांग्रेस मीडिया प्रभारी अलका लांबा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व द्रंग प्रत्याशी कौल सिंह ठाकुर सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।