शिमला, 12 अक्टूबर : हिमाचल में विस चुनाव की घोषणा से पहले कांग्रेस के बगावत थमती नहीं दिख रही है। कुछ बड़े नेताओं के कांग्रेस को अलविदा करने के बाद अब उनके समर्थक भी पार्टी से किनारा कर रहे हैं। इस कड़ी में बुधवार को पार्टी में इस्तीफों की झड़ी लग गई।
दरअसल कांग्रेस की राज्य व जिला कमेटियों के आठ पदाधिकारियों ने पार्टी के सभी पदों से सामूहिक इस्तीफे दे दिए। इन पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता भी छोड़ दी। आठों पदाधिकारियों ने पार्टी सदस्यता व सभी पदों से सामूहिक त्यागपत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेजा है।
इनमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव आकाश सैनी, युवा इंटक अध्यक्ष राहुल नेगी, जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के उपाध्यक्ष अमित मेहता और महेंद्र सिंह कंवर, जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के सचिव भगत सिंह ठाकुर, नरेश कुमार व धीरज कश्यप और प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव प्रतीक शर्मा शामिल हैं।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी के जिला शिमला अध्यक्ष रवि मेहता ने कहा कि कांग्रेस के 8 पदाधिकारियों के इस्तीफे से यह प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस के लोगों को अपने शीर्ष नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा है और अंदरूनी गुटबाजी सामने आ रही है तथा टिकटों के लिए खींचतान चली हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अभी तक यह विवाद बना हुआ है कि इनका मुखिया कौन है ? मेहता ने कहा कि कांग्रेस के अंदर किसी भी कार्यकर्ता की सुनवाई नहीं होती है जिस से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा हुआ है, जिस कारण कई कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि भाजपा के पास मजबूत संगठन और नेक नियत है और जनता के पास भाजपा का ही एकमात्र विकल्प है।