शिमला, 12 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश की पर्वत श्रंखलाओं पर बुधवार को दूसरे दिन भी बर्फबारी का क्रम जारी रहा। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिले के ऊंचे क्षेत्रों में दिन भर रुक-रुक कर बर्फ गिरती रही। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। उधर, राजधानी शिमला में भी गरज-चमक के साथ बादल बरसे।
मौसम के इन तेवरों से शिमला में दिसम्बर की तरह ठंड पड़ रही है और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों में भी बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि 14 से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
बीते 24 घण्टों के दौरान सिरमौर जिला के पच्छाद में सबसे ज्यादा 104 मिमी बारिश हुई है। राजगढ़ में 37,संगड़ाह में 35, नारकंडा में 35, नाहन में 28, खदराला और मनाली में 25-25, रामपुर बुशहर में 24, सराहन में 23, रेणुका व कुफरी में 21-21, चौपाल में 20 और शिमला में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बर्फबारी से पहाड़ी हिस्सों में कुछ स्थानों पर पारा शून्य के करीब पहुंचना शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां बुधवार की सुबह न्यनूतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 3.2 डिग्री, नारकंडा में 6.7 डिग्री, रिकांगपिओ में 7.1 डिग्री और मनाली में 8 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला शहर से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री, सोलन में 10.7 डिग्री, शिमला में 10.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.1 डिग्री सुंदरनगर में 12.2 डिग्री, भुंतर में 12.3 डिग्री, धर्मशाला में 12.4 डिग्री, पालमपुर में 12.5 डिग्री, मंडी में 14.1 डिग्री, हमीरपुर में 14.3 डिग्री, चंबा में 14.4 डिग्री और उना में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने पूर्वानमान में आगामी 24 घंटों में राज्य में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। 14 से 17 अक्टूबर तक राज्य में मौसम के साफ रहने की संभावना है।