शिमला, 3 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश से मानसून की विदाई हो गई है। मौसम विभाग की तरफ से पूरे प्रदेश से मानसून की विदाई की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस साल पूरे मानसून सीजन में भले ही बारिश से भारी तबाही हुई है, लेकिन राज्य में 716.7 मिमी बारिश हुई जो कि सामान्य से 2 फीसदी कम रही।
सामान्य बारिश 734.4 मिलीमीटर मानी जाती है। प्रदेश में मानसून ने जून महीने में दस्तक दी थी।जून में सामान्य से 34 और अगस्त में चार फीसदी कम बारिश हुई। जुलाई में सामान्य से चार फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई। सितंबर में मानसून की सामान्य से 13 फीसदी अधिक बारिश रही। इस मानसून सीजन में सबसे ज्यादा बारिश शिमला जिले में 898.6 मिलीमीटर दर्ज हुई। जबकि लाहौल-स्पीति जिले में सबसे कम 168.3 मिमी हुई।
बता दें कि मानसून सीजन के दौरान पूरे राज्य में जान-माल की भारी क्षति हुई है। इस अवधि में वर्षा जनित हादसों में 435 लोग मारे गए,जबकि 769 घायल हुए और 15 लापता हैं। इसके अलावा 980 पशु-पक्षियों की भी मौत हुई। वहीं करीब 1500 कच्चे-पक्के मकान, 173 दुकानें, 26 पुल, 1111 पशुशालाएँ और 63 घराट ध्वस्त हुए। मानसून से चल व अचल संपति को 3040 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है।