मंडी, 1 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा के चुनावों का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक सरगरमियां और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने भी प्रदेश व केंद्र की सरकार को आड़े हाथों लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार केंद्र के दम पर कांग्रेस नेताओं को विभिन्न जांच एजेंसियों का डर दिखाकर अपने खेमे में कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री मिनाक्षी लेखी के द्वारा विपक्ष की तुलना असुरों से करने की भी कड़ी निंदा की है। राजेंद्र ने पूछा कि अगर विपक्ष असुर होते हैं तो भाजपा ने बीते 70 वर्षों में कितने असुरों की फौज बनाई है, जिसके मुखिया नरेंद्र मोदी बने बैठे हैं।
शनिवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र के लिए विपक्ष का होना जरूरी है, लेकिन भाजपा केंद्र और प्रदेश स्तर पर कांग्रेस के नेताओं को अपनी ओर कर तोड़-फोड़ में लगी हुई है, जो कि सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र और प्रदेश में जन कल्याण को छोड़ ओछी राजनीति करने में लगी है, जिसका जवाब भाजपा को आने वाले विधानसभा के चुनावों में देखने को मिलेगा। युवा कांग्रेस प्रवक्ता राजेंद्र ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अभी भी एक मजबूत पार्टी है, जिसे भाजपा कई प्रकार के हथकंडे अपनाकर कमजोर करने का प्रयास कर रही है।