मंडी, 06 मई : राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में सोमवार को रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (Raman Science and Technology) की इकाई ऑल इंडिया रामानुजन (All India Ramanujan) मैथ क्लब के सौजन्य से ‘गणित सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में डॉक्टर ज्ञानचंद राणा प्रधानाचार्य राजकीय डिग्री कॉलेज धनेटा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस मौके पर गणित लैब की स्थापना की गई, जिसमें गणित के 60 मॉडल की किट नई शिक्षा नीति के तहत तैयार की गई है। ऑल इंडिया रामानुजन क्लब के अध्यक्ष डॉक्टर चंद्र मौली जोशी द्वारा लैब की स्थापना की गई।उन्होंने बताया कि इस लैब का उद्देश्य बच्चों में गणित को आसान, दिलचस्प व रुचि वाला बनाकर डर को दूर करना है। प्रत्येक मॉडल इस तरह तैयार किया गया है, जिसमें अनेक गणित के सूत्र समाए हुए हैं। यह उत्तर भारत में पहला और अनूठा प्रयास है।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि डॉक्टर ज्ञानचंद राणा ने कहा कि सरकाघाट विद्यालय आने वाले समय में गणित का केंद्र होगा और गणित के प्रति डर को खत्म करने में मददगार सिद्ध होगा। इस सम्मेलन में लगभग 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। गणित के कई विद्वान भी सम्मिलित हुए जिन्होंने बच्चों को गणित के प्रति बहुमूल्य जानकारी दी।
पाठशाला के प्रधानाचार्य सुरेश पठानिया जोकि खुद गणित विषय से संबंध रखते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में डॉक्टर चंद्रमौली जोशी के सहयोग से गणित लैब को और मजबूत किया जाएगा। गणित का डर बच्चों के मन से निकाल दिया जाएगा। गणित समस्या को हल करना है इसलिए गणित हर व्यक्ति के लिए जरूरी है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कार्यकारी प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर चंद्रमणि, रत्न ठाकुर, प्रवीण शर्मा, सुरेश नेगी, धर्मवीर राणा, जालम सिंह, प्रदेश कुमार, भारत भूषण , अनुपम, विजय कुमार ,अशोक कुमार, दिनेश शर्मा, संजय कुमार, उर्मिला देवी, वनिता कुमारी, निशा शर्मा, दलेर सिंह एवं परमजीत उपस्थित रहे।