ऊना, 12 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के ऊना जनपद के हरोली उपमंडल से एक गोली कांड की बड़ी खबर आ रही है। इसके मुताबिक अज्ञात हमलावरों ने एक युवक के सीने में गोलियां दाग दी। युवक ऊना अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। वारदात देर शाम दुलहड़ की है। इसी बीच अस्पताल पहुंचे नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ये जानकारी है कि युवक पर खेल स्टेडियम में हमला किया गया है।
अग्निहोत्री की मानें तो कांग्रेस समर्थक युवक पर दो गोलियां चलाई गई हैं। अस्पताल पहुंचे युवक के परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है। फिलहाल घटना से जुड़ी जानकारी सामने आने में कुछ समय लगेगा, लेकिन नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की माने तो युवक पर दो गोलियां चलाई गई हैं, युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
युवक की पहचान रविंदेत कुमार उर्फ़ सेठी (30) निवासी दुलहड़ के रूप में हुई है। ये भी बताया जा रहा है कि हमलावर बाइक पर आये थे। अग्निहोत्री ने कहा कि ये बेहद ही खतरनाक शूट आउट हुआ है।