मंडी, 09 सितंबर : हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर ने बीते कल हुए सीएम जयराम ठाकुर के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे को ऐतिहासिक बताया है। मीडिया को जारी बयान में रजत ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को 980 करोड़ की सौगातें देने के लिए सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का आभार जताया है।
रजत ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में उदघाटन और शिलान्यास हुए हैं, जिससे क्षेत्र के विकास में चार चांद लगेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर ने धर्मपुर को सब जज कोर्ट, इलेक्ट्रिकल के सर्कल ऑफिस, फायर स्टेशन, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कालेज जैसी ढेरों सौगातें दी हैं जिससे धर्मपुर के विकास को अब नए पंख लगेंगे। उन्होंने अपने व्यस्ततम समय में से समय निकालकर धर्मपुर आने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार भी जताया।
उन्होंने कहा कि यह सब धर्मपुर के लोकप्रिय विधायक एवं जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के अथक प्रयासों से संभव हो पाया है। आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र विकास की नई गाथा लिख रहा है। इसके लिए समूचा धर्मपुर क्षेत्र बधाई का पात्र है। भविष्य में भी धर्मपुर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।