शिमला, 07 सितंबर: प्रदेश कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार कर्मचारियों की ओपीसीएस बहाली की मांग को लेकर अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं। इसके चलते कर्मचारियों को अपनी इस मांग को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, यह उनकी मजबूरी है।
उन्होंने बुधवार को कहा कि हिमाचल के कर्मचारी बीते एक साल से लगातार ओल्ड पेंशन की बहाली की मांग को विभिन्न मंचों पर उठा रहे हैं। विधानसभा के बाहर भी कर्मचारी प्रदर्शन कर चुके हैं, इसके बाद भी वे लगातार अनशन कर रहे हैं, मगर सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि दरअसल सरकार का कर्मचारियों के प्रति नाकारात्मक है। खुद मुख्यमंत्री यह बयान दे चुके हैं कि अगर किसी को पैंशन चाहिए तो वे चुनाव लड़े। इससे साफ है कि सरकार किस तरह कर्मचारियों के बारे में सोच रखती है।
सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल के विकास में कर्मचारियों की बड़ी भूमिका रही है। कर्मचारियों की भूमिका के बिना हिमाचल की कल्पना भी नहीं की जा सकती। अगर आज हिमाचल विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी है तो यह कर्मचारियों की वजह से ही संभव है। लेकिन भाजपा सरकार को गलतफहमी हो गई है, इसलिए वह कर्मचारियों को तवज्जो नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि सरकार से कोई भी कर्मचारी खुश नहीं है। यह सरकार कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ देने में भी कंजूसी कर रही है, जबकि सरकार अपने खर्च कम नहीं कर रही है।
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील रही है। यही वजह है कि कांग्रेस कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाली की मांग को लेकर भी सकारात्मक है। कांग्रेस ने कर्मचारियों को गारंटी दी है कि सत्ता में आते ही उनकी ओल्ड पेंशन को बहाल किया जाएगा।