शिमला, 30 अगस्त : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के कुछ नेताओं व पदाधिकारियों द्वारा अपनी जनसभाओं में पार्टी प्रत्याशियों को घोषित करने पर एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि यह अधिकार केवल केंद्रीय आलाकमान का है, लिहाजा इसके अधिकारों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या हनन नहीं किया जाना चाहिए। प्रतिभा सिंह मंगलवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रही थी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह एकजुटता के साथ तैयार है। उन्होंने कहा की अपने दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के साथ प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला से विधानसभा चुनावों बारे विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान प्रदेश के इन चुनावों पर अपनी पूरी नजर रखे हुए है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिये महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई है और जल्द ही सभी नेता अपनी इन जिम्मेदारियों को संभाल लेंगे।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं से विधानसभा चुनावों के लिए मैदान में डटने को कहा है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस ने पहली बार अपने नेताओं को पार्टी टिकट के लिये आवेदन निःशुल्क रखें है जिससे आम कार्यकर्ता भी आवेदन कर सकें। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्याशी का अंतिम फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति ही करेगी।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की जयराम सरकार पर आरोप लगाया है कि वह सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर पार्टी के चुनाव प्रचार में जुटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोक लुभावन घोषणाएं कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहें है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह डांवाडोल हो गई है। भारी बारिश के चलते करोड़ो का नुकसान हो चुका है। किसानों व बागवानों की फसलें बर्बाद हो चुकी है। सरकार ने इस नुकसान का धरातल पर कोई भी जायज तक नहीं लिया है। सेब बागवानों की कोई भी मदद सरकार नहीं कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा के चुनावों को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास पर कड़ी नजर रखने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके ऊपर इसकी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है,जिसे उन्हें पूरी निष्ठा से निभाना है।