शिमला, 17 अगस्त : आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की जनता को मुफत शिक्षा की गारंटी दी है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमत्री भगवंत मान ने बुधवार को शिमला में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश को शिक्षा से जुड़ी पांच गारंटी दी। आप नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में सरकार बनने पर शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव का ऐलान किया है।
मनीष सिसोदिया ने शिक्षा के क्षेत्र में पांच वायदे करते हुए कहा कि हर परिवार के हर बच्चे को अच्छी और फ्री शिक्षा देंगे, दिल्ली की तरह सभी सरकारी स्कूलों को शानदार बनाएंगे, हिमाचल में प्राइवेट स्कूलों को नाजायज फीस नहीं बढ़ाने देंगे, कच्चे शिक्षकों को पक्का कर सभी खाली पद भरे जाएंगे और शिक्षकों से पढ़ाई के अलावा दूसरा काम नहीं दिया जाएगा।
मनीष सिसोदिया ने शिक्षा की गारंटी देते हुए कहा कि हिमाचल के प्राइवेट स्कूलों को नाजायज फीस वृद्धि नहीं करने दी जाएगी। फीस वृद्धि पर पूरा सरकार का नियंत्रण रहेगा, जिसके लिए कमेटी भी बनेगी और ऑडिट भी किया जाएगा। उन्होंने कहा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में भी ऐसा कानून बनाकर प्राइवेट स्कूलों की फीस वृद्धि को नियंत्रित किया है।
2015 में जब दिल्ली में हमारी सरकार बनी, तब दिल्ली में सरकारी स्कूलों का उतना ही बुरा हाल था, जितना आज हिमाचल के अंदर है। भाजपा और कांग्रेस वालों ने 70 साल में दिल्ली भी ठीक नहीं की थी। हमने आकर ठीक की है। इसलिए हमें ठीक करना आता है। अगर दिल्ली ठीक कर दी है, तो हिमाचल को भी ठीक कर देंगे। हमारे देश में शिक्षा व्यवस्था का इन लोगों ने जमकर कबाड़ा कर दिया है। एक मीडिल क्लास आदमी अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में भेजता है और प्राइवेट स्कूल वालों ने लूट मचा रखी है। हिमाचल में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर प्राइवेट स्कूलों की फीस को पूरी तरह नियंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के स्कूलों में 11 लाख बच्चे पढ़ते हैं। दो हजार स्कूल ऐसे हैं, जहां सिर्फ 1 टीचर है। वहां 5वीं और 8वीं क्लास तक के बच्चे पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि यह बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। साढ़े 6 हजार स्कूल ऐसे हैं, जहां दो टीचर स्कूल चला रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की सरकार शिक्षा पर 8 हजार करोड़ खर्च करती है, यह पैसा कहां जा रहा है?। 47 फीसदी कॉलेजों में प्रिंसिपल नहीं हैं। इन्हें ठीक करने की जगह हिमाचल के सीएम प्राइवेट कॉलेजों के पोस्टर ब्वॉय बने हुए हैं।
इस अवसर पर भगवंत मान ने कहा कि हमारी पार्टी शक्ति प्रदर्शन नहीं करती। लोगों को दिहाड़ी पर लाकर अपनी जय-जयकार नहीं करती। मान ने कहा कि हिमाचल और पंजाब की मुश्किलें एक जैसी हैं। दोनों पड़ोसी राज्य हैं। मार्च 2022 से पहले पंजाब में भी यही हाल था कि 5-5 साल बाद पार्टियां सत्ता में आती रहती थी। लोगों के पास कोई रास्ता नहीं था।
पंजाब को तीसरा रास्ता मिल गया। सरकार बने सिर्फ 5 महीने हुए हैं लेकिन हमने 70 साल से ज्यादा काम किए हैं। कहा कि पंजाब में हर रोज भ्रष्टाचारी पकड़े जा रहे हैं। इसके लिए हमने हेल्पलाइन शुरू की है। भ्रष्टाचारियों और अफसरों ने अब पता करना शुरू किया कि हमारा वेतन कितना है। इससे पहले वेतन तो बोनस जैसा था।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में हमने गारंटी के हिसाब से 1 जुलाई से 2 महीने में 600 यूनिट बिजली फ्री कर दी है। सितंबर में पहला बिल आएगा। मैंने बिजली बोर्ड से डेटा लिया है, 74 लाख मीटर में से 51 लाख को जीरो बिल आएगा।
स्वास्थ्य की गारंटी में दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक मॉडल को पंजाब में लागू कर दिया है। जिसमें एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक नर्स और रिशेप्सनिस्ट है। यहां डॉक्टर फ्री इलाज देखेंगे। दवाई भी फ्री मिलेगी। मोहल्ला क्लीनिक में 98 तरह के टेस्ट होंगे। हमने 100 मोहल्ला क्लीनिक चालू कर दिए हैं।