नाहन, 16 अगस्त : ऐतिहासिक शहर जल्द ही बप्पा मोरिया के रंग में डूबने जा रहा है। नवयुवक मंडल ने गणेशोत्सव की तैयारी शुरू कर दी है। भव्य मूर्ति को लाने की प्रक्रिया भी जारी है। गणोत्सव का आगाज 30 अगस्त को शोभायात्रा से होगा।
शोभा यात्रा का आयोजन मोहल्ला गोविंदगढ़ व वाल्मीकि बस्ती में सड़क के संकीर्ण होने के कारण सांकेतिक तौर पर किया जाएगा। इसे कच्चा टैंक पुलिस चौकी के नजदीक से भव्य रूप प्रदान किया जाएगा। 30 अगस्त से 1 सितंबर तक आरती व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलेगा।
मूर्ति की स्थापना 31 अगस्त सुबह 10 बजे की जाएगी। 31 अगस्त को महिला मंडल द्वारा शाम 4 बजे भजन संध्या की जाएगी। 1 सितंबर को वैभव गर्ग की भजन संध्या होगी। 2 सितंबर सुबह 10 बजे बप्पा मोरिया पांवटा साहिब की यमुना नदी में विसर्जन के लिए प्रस्थान करेंगे।
नवयुवक मंडल के अमिल अग्रवाल ने बताया कि हर साल गणेशोत्सव को चरणबद्ध तरीके से भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।