शिलाई, 8 अगस्त : गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति ने सोमवार को शिलाई में महारैली का आयोजन किया। इसमें गिरिपार इलाके को एसटी का दर्जा दिए जाने का विरोध किया गया। समिति के प्रधान अनिल मंगेट ने कहा कि इस मसले पर अनुसूचित वर्ग संगठित है क्योंकि लड़ाई अधिकारों के सरंक्षण की है।
महा रैली में बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ा। गिरिपार को जनजातीय घोषित करने से अनुसूचित जाति के लोगों को पंचायत रोस्टर के नुकसान और जातीय प्रताड़ना से बचाने वाले एससी व एसटी कानून के निष्क्रिय हो जाने के भय को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से एसडीएम शिलाई के कार्यालय तक एक रैली का आयोजन के बाद एसडीएम के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इसमें गुहार लगाई कि क्षेत्र को जनजातीय घोषित करने से पहले अनुसूचित वर्ग के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा की जाएं।
वक्ताओं ने बताया कि रैली में केवल गिरिपार क्षेत्र के संगड़ाह, शिलाई, पांवटा साहिब, राजगढ़ और कफोटा से ही लोगों को आमंत्रित किया गया। समिति के जिला मीडिया प्रमुख सुरेंद्र ने बताया कि रैली के लिए केवल सीमित संख्या में ही दूसरे उपमंडलों से लोग बुलाए गए थे।
वक्ताओं ने बताया कि अगर 40% आबादी की अनदेखी कर क्षेत्र को जनजातीय घोषित किया गया तो अनुसूचित जाति वर्ग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। डॉ. नीरज चौहान ने बताया कि जो ये आरोप लगा रहे है कि केवल एक जाति विशेष के लोग भटके हुए है। उनके लिए ये रैली करारा जवाब है। अनुसूचित जातियां इस मुद्दे पर एकमत हैं। किसी भी सूरत में अधिकारों को छीनने नहीं दिया जायेगा।
उन्होंने मंच से हाटी समिति को जनजातीय मुद्दे पर किसी भी टीवी चैनल या अन्य मंच से खुली चर्चा करने की चुनौती दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गिरिपार के अनुसूचित जाति के गरीब लोगों को इस मुद्दे पर किसी भी राजनीतिक दल का सहयोग नहीं मिला, इसी कारण सड़को पर उतरना पड़ रहा है।
इस अवसर पर तुलसी राम नींटा ( मुख्य प्रवक्ता ,शिलाई) , सुनील वर्मा, प्रदीप (पांवटा साहिब) , उपाध्यक्ष भरत सिंह ,विनोद कुमार, जगत सिंह एवं अध्यक्ष एससी भाजपा मोर्चा रेणुका बलदेव चौहान, प्रधान समिति सब डिवीजन राजगढ़ अनिल मंगेट, प्रधान, डॉ. नीरज चौहान, मीडिया प्रभारी जिला समिति सुरेंद्र सिंह धर्मा, मीडिया प्रभारी जिला समिति वेद प्रकाश, उपाध्यक्ष सब डिविजन समिति शिलाई एडवोकेट सुंदर सिंह, महा सचिव जिला समिति सतपाल सत्ती, उपाध्यक्ष सब डिविजन शिलाई समिति एवं मीडिया प्रभारी बीजेपी मंडल शिलाई पिंकू नागेश्वर, उपाध्यक्ष समिति पांवटा साहिब, सुनील सन्नी, उपाध्यक्ष जिला समिति, अंजू चौहान महिला मंडल प्रधान बशवा, विद्या देवी एवं चमेली देवी जिला परिषद सदस्य शिलाई, प्रिया वर्मा जिला प्रधान अम्बेडकर छात्र संघ एवं सीमा वर्मा आदि महिला वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
शिलाई समिति के प्रधान सुनील वर्मा ने कहा कि हम संविधान को मानने वाले शांतिप्रिय लोग है। वही, अगर हमारे खिलाफ षड्यंत्र रच कर अधिकारों का हनन किया जाएगा तो चुप नहीं बैठेंगे।