शिमला, 19 मई : हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के निशानेबाजों ने राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। अचूक निशाने साध कर खाकी ने सोना, चांदी व कांस्य पदक बटोरे। पांच गोल्ड मैडल हासिल किए तो 6 रजत पदक झटके। इसके अलावा तीन कांस्य पदक भी मिले हैं।
डीएसपी विजय कुमार ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। सब इंस्पेक्टर देवराज को एक रजत पदक हासिल हुआ है। एएसआई नरेश कुमार ने एक स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। एएसआई रणजीत सिंह ने दो अलग-अलग स्पर्धाओं में रजत व कांस्य पदक पर कब्जा किया।
हैड कांस्टेबल शुभम कुंडलस को एक कांस्य पदक पर संतोष करना पड़ा। कांस्टेबल राजेंद्र कुमार व नवीन चौहान ने पुलिस शूटिंग क्लब के लिए एक-एक रजत पदक हासिल किया। लेडी कांस्टेबल भावना ने एक रजत व एक कांस्य पदक पर कब्जा किया।
लेडी कांस्टेबल बीना ने एक गोल्ड मैडल पर कब्जा किया है। इसके अलावा लेडी कांस्टेबल आशा ने एक स्वर्ण व एक सिल्वर पदक हासिल किया है।