मंडी, 30 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश की मौजूदा सरकार अपने चार वर्षों से ज्यादा के कार्यकाल में जनता को कोई राहत नहीं दे पाई है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर ही लीक हो जाने से अब प्रदेश के युवाओं में सरकार के प्रति रोष है। यह बात मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय कानव ने शनिवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल अपने चहेतों को लाभ देने में ही लगी है। विजय ने कहा कि हाल ही में जेओए का पेपर लीक होना इस बात का उदाहरण है कि प्रदेश में रोजगार के नाम पर किस प्रकार से युवाओं के साथ छल हो रहा है। कांग्रेस का मानना है कि प्रदेश में नौकरियों में बड़े स्तर पर धांधली हो रही है। विजय ने आरोप लगाया कि अब आउटसोर्स पर भी केवल सराज और धर्मपुर विधानसभा के उम्मीदवारों को ही नौकरी दी जा रही है, जो कि गलत है।
वहीं इस मौके पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव संजीव गुलेरिया ने भी केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों को महंगाई के मुद्दे पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब देश में कांग्रेस ने कई दशकों तक सरकारें चलाई तो भी गैस सिलेंडर के दाम चार-साढे चार सौ से ज्यादा नहीं बढ़े, लेकिन केवल सात वर्षों में ही दाम इतने बढ़े हैं कि लोगों को आए दिन महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने भाजपा को जुमले देने वाली पार्टी और सरकार की संज्ञा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई केवल और केवल भाजपा की देन है, जिसका खामियाजा प्रदेश की मौजूदा सरकार को 2022 के चुनावों में भुगतने को मिलेगा।