मंडी, 28 अप्रैल : राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ साधना ठाकुर इन दिनों सराज विधानसभा क्षेत्र में दीन दुखियों का दर्द साझा कर रही हैं। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी को दुर्गम गांव में अपने बीच पाकर लोग खुश हैं। डॉ साधना ठाकुर उन गांव का भी दौरा कर रही हैं, जहां मुख्यमंत्री बनने के बाद जयराम ठाकुर स्वयं भी नहीं जा पाए हैं। ऐसे में सरकार के मुखिया के परिवार से किसी सदस्य को अपने बीच पाकर खासकर महिलाएं बेहद गदगद हैं, क्योंकि बात को जिस संजीदगी के साथ डॉ साधना ठाकुर सुन रही हैं।
उनके साथ आए अधिकारी तुरंत उसका समाधान मौके पर कर रहे हैं उससे तो इलाके के इन दुर्गम गांवों में लोगों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। खास बात यह देखी गई कि डॉ साधना ठाकुर ग्रामीण महिलाओं के साथ यहां समुद्र तल से 8 से 9 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित खुले मैदान गरहल में स्थानीय युवाओं के बीच क्रिकेट खेलती नजर आई।
खासकर युवा वर्ग डॉ साधना को अपने बीच पाकर खुश देखा गया। अपने थाची क्षेत्र के दौरे पर साधना ठाकुर ने जहां महिला वर्ग की समस्याएं सुनी वहीं कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों से भी घर घर जाकर कुशलक्षेम पूछा और सरकार की सहारा योजना से उन्हें अवगत करवाया। यहीं नहीं कई जरूरतमंदों को मौके पर ही स्वास्थ्य उपकरण भी उपलब्ध करवाए।
उन्होंने इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आज यहां सड़क मार्ग से पहुंचाना इसलिए संभव हुआ है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी दुर्गम इलाके के लोगों की बहुत चिंता करते हैं। आज जो हम सिर्फ कल्पना कर सकते थे कि यहां भी सड़क हो वहां भी गाड़ी पहुंचे वो हकीकत में बदल रहा है। ये आपके सहयोग से ही तब संभव हुआ जब अपने उन्हें पांचवी बार विधायक चुना।
डॉ साधना ठाकुर दुर्गम कलहनी क्षेत्र के गांव सराची भी पहुंची और वहां सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मणक देव के परिजनों को घर जाकर ढाढस भी बंधाया। बताया गया कि उनका नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उनका सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार चल रहा था और इस बीच उनका निधन हो गया था।
वे मुख्यमंत्री जी के कलहनी से सबसे पुराने साथी थे। वे 1990 के संघर्ष के दिनों में हमेशा उनके साथ रहे। मनक देव मुख्यमंत्री जयराम के विश्वसनीय व्यक्तियों में से एक बताए गए।