सुंदरनगर, 11 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में सभी डॉक्टर वीरवार से पेन डाउन स्ट्राइक पर हैं। सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 बजे तक डाक्टर अपनी सेवाएं नहीं दे रहे है। इसी कड़ी में शुक्रवार को श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में दुसरे दिन भी दो घंटे तक डॉक्टरों ने काम नहीं किया, जबकि मरीज ओपीडी के दरवाजे पर इंतजार करते रहे।
डॉक्टर वेतन विसंगतियों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। डॉक्टरों ने 17 फरवरी तक हड़ताल जारी रखने और उसके बाद छुट्टी पर चले जाने की चेतावनी सरकार को दी है। हालांकि इस दौरान आपातकालीन और कोविड सेवाएं जारी रहेगी, जबकि अन्य सेवाएं दो घंटों तक प्रभावित रहेंगी।
मेडिकल कॉलेज नेरचौक के आरडीए के अध्यक्ष डॉ. विशाल ने कहा कि वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग पूरी न होने से चिकित्सक हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को न तो पंजाब सरकार और न ही केंद्र सरकार की तर्ज पर पे स्केल मिल रहा है, जिससे डाक्टरों में गहरा रोष है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह तक पेन डाउन हड़ताल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब वेतनमान को सही ढंग से प्रदेश में भी लागू करे साथ ही अनुबंध पर लगने वाले डॉक्टरों को भी सही मानकों के साथ वेतन मान दिया जाए। डॉ. विशाल ने सरकार को चेतावनी देते कहा कि अगर सरकार एक हफ्ते मे हमारी मांगे पूरी नहीं करती तो हड़ताल को नियमित किया जाएगा।