मंडी, 11 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समूचे प्रदेश में एक समान विकास कर रहे हैं और यह बात विपक्ष के नेताओं को नहीं दिखाई देती। मंडी के कांग्रेस नेता केवल अनाप शनाप बयानबाजी करते हैं और सीएम पर छींटाकशी तक ही सीमित हैं। जबकि मंडी जिला के बल्ह में बनने वाले ग्रीन फील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। यह बात जिला के द्रंग विधानसभा से भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर ने आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कही। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि बल्ह में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनने जा रहा है यह कोई खेल का मैदान नहीं है जो कि जल्द बनकर तैयार हो जाए।
जवाहर ने कौल सिंह ठाकुर से पूछा है कि क्या कारण रहे कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अधर में लटकाए गए। क्यों उनमें बजट का प्रावधान नहीं किया गया। कौल सिंह सीएम पर छींटाकशी करने से पहले यह बताएं कि कौल सिंह ठाकुर ने द्रंग को छोड़ मंडी में कौन सा एतिहासिक कार्य किया। जवाहर ने आरोप लगाया कि पूर्व कि सरकारों के द्वार आधे अधूरे कार्यों को मौजूदा सरकार ने गति दी है।
भाजपा विधायक यहीं नहीं रूके उन्होंने कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर पर जुबानी हमले बोलते हुए कहा कि कौल का चार वर्षों का समय मात्र हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर पर टिप्पणी व बयानबाजी तक ही सिमित रहा। जवाहर ने कहा कि कौल सिंह ठाकुर तो पार्टी में जिस पद की दौड़ में शामिल थे उससे दूर ही नजर आए। इसके साथ ही जवाहर ठाकुर ने कौल सिंह को एक बार फिर चुनौती दी है कि वे कांग्रेस पार्टी की तरफ से सीएम पद के दावेदार के रूप में चुनाव में उतरें। जवाहर ने कहा कि पार्टी यदि उन्हें फिर से टिकट देती है तो वे 2022 में फिर से विधायक का चुनाव लड़ेंगे और कौल सिंह को मात देंगे।