शिमला, 05 फरवरी : राजधानी शिमला में भारी बर्फबारी की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। शहर में यातायात बुरी तरह प्रभावित है। भारी हिमपात की वजह से शहर के सभी सरकारी दफ्तरों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। उपायुक्त आदित्य नेगी ने इस बाबत अधिसूचना जारी की है।
इसके तहत नगर निगम क्षेत्र के तहत आने वाले सभी सरकारी कार्यालय, बोर्डों व निगमों के सभी दफ्तर शनिवार को बंद रहेंगे। ये आदेश अनिवार्य सेवाओं से जुड़े विभागों पर लागू नहीं होंगे।
उपायुक्त के इस आदेश से शहर के विभिन्न सरकारी दफ्तरों में तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों को राहत मिलेगी।बता दें कि राजधानी में शुक्रवार दिन भर बर्फ़बारी का दौर चला। शाम तक एक फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी थी। बर्फ़बारी की वजह से शिमला शहर अलग-थलग हो गया है।
शहर की मुख्य व भीतरी सड़कें बंद हैं। शिमला को चंडीगढ़ से जोड़ने वाला एनएच और निचले हिमाचल को जोड़ने वाला एनएच भी बाधित रहा। उधर, अप्पर शिमला का सम्पर्क पिछले 3 दिन से कटा हुआ है।