शिमला, 05 फरवरी : राजधानी शिमला में सीजन की भारी बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम तो खुल गया। लेकिन, लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। लगभग 2 फुट बर्फ़बारी से शिमला शहर का देश-दुनिया से संपर्क अभी भी कटा है। शिमला को चंडीगढ़ और निचले हिमाचल से जोड़ने वाले नेशनल हाइवे बंद पड़े हैं। शनिवार सुबह शहर में दूध-ब्रेड की सप्लाई नहीं पहुंची।
शहर की सभी मुख्य व भीतरी सड़कों पर आवाजाही ठप है। जगह-जगह पेड़ों के धराशायी होने से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बर्फ के कहर से 20 पेड़ विभिन्न स्थानों पर टूटकर गिरे हैं। शहर में पर्यटकों के वाहन बर्फ में फंसे हैं। पूरा शहर बर्फ से जाम है। पेड़ों, टहनियों, सड़कों रास्तों, घरों की छतों पर चारों और बर्फ ही बर्फ है।
जिला प्रशासन ने भारी हिमपात की वजह से शहर के सभी सरकारी दफ्तरों में आज अवकाश घोषित किया है। मौसम खुलने से हाइवे और सड़कों पर से बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। शहर के मुख्य मार्गों के दोपहर तक बहाल होने की सम्भावना है।
शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों व सैलानियों को हिदायत दी है कि शहर की सड़कें काफी फिसलन भरी हैं। सभी से अनुरोध है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए वाहन न चलाएं और पैदल चलते समय भी सावधानी बरतें। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम शिमला द्वारा सड़कों को साफ किया जा रहा है।
शिमला पुलिस आपसे अनुरोध करती है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और उचित सावधानी बरतें। आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए पुलिस सहायता कक्ष 01772812344, 112 या नजदीकी पुलिस थाना में संपर्क करें।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में पिछले कल लगभग 50 सेंटीमीटर बर्फ़बारी
रिकॉर्ड की गई है।