शिमला, 01 मई : हिमाचल प्रदेश का लाल अनिकेश चौधरी ( Anikesh Chaudhary) एथलेटिक ट्रैक पर रफ़्तार में फलक छूने को बेताब है। ताजा घटनाक्रम में 800 मीटर की दौड़ में अनिकेश ने एशियन गेम्स में रजत पदक हासिल करने वाले भारत के मोहम्मद अफसल को पछाड़ कर सबको स्तब्ध कर दिया। मोहम्मद अफसल ने एशियन गेम्स की 800 मीटर की दौड़ में 1:48:50 की समय अवधि में रजत पदक जीता था। बेंगलुरु में आयोजित ग्रां प्री-1 में अनिकेश चौधरी ने ये दूरी 1:47:72 मिनट में पूरी की। एशियाई गेम्स के मेडलिस्ट मोहम्मद अफसल को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। भारत के एशियन गेम्स 2023 के प्रदर्शन में अनिकेश ने एक सेकेंड के 78 वें हिस्से का सुधार किया।
मूलतः कांगड़ा से ताल्लुक रखने वाले अनिकेश चौधरी ने ऊना के स्पोर्ट्स हॉस्टल में भी समय बिताया है। गौरतलब है कि पहाड़ी प्रदेश के धावक राष्ट्रीय पटल पर एक खास पहचान बना रहे हैं। इसमें महिला धावक भी शामिल हैं। इसमें मंडी की कुसुम भी चर्चित नाम है।
आपको बता दें कि देश में 800 मीटर की पुरुष दौड़ का रिकॉर्ड जिन्सन जॉन के नाम पर है। ये रिकॉर्ड जॉनसन ने 27 साल की उम्र में बनाया था,उन्होंने ये दौड़ 1:45:65 की समय अवधि में पूरी की थी। 2018 में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में यह रिकॉर्ड बनाया गया था। यानी नेशनल रिकॉर्ड को ब्रेक करने में हिमाचल के बेटे को करीब-करीब 2 सेकंड के समय सुधार करना होगा।
वहीं, जहां तक एशियन रिकॉर्ड की बात है तो ये रिकॉर्ड ईरान के साजद मरोदी के नाम पर है। 2010 में ईरान के धावक ने ये दूरी 1:45:45 मिनट में पूरी की थी। इसमें उन्होंने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। ये भी स्पष्ट है कि भारत के जिन्सन जॉनसन का प्रदर्शन सबसे सर्वश्रेष्ठ रहा है। 2023 के एशियन गेम्स में सऊदी अरब के ईसा ने 1:48:05 में दूरी को पूरा करने के बाद स्वर्ण पदक जीता था। लिहाजा ये भी साफ है कि अनिकेश चौधरी ने समय के लिहाज से एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता से भी बेहतर प्रदर्शन किया है।