मंडी, 18 दिसंबर : पूरे भारतवर्ष में आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष पर देश भर में अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पर्यटन मंत्रालय द्वारा आजादी की लड़ाई में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जा रहा है।
शनिवार को पर्यटन मंत्रालय दिल्ली व पर्यटन विभाग मंडी के अधिकारियों व स्थानीय प्रशासन ने जिला शहर के 99 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी ओसी कपूर को उनके घर पर जाकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसडीएम सदर रितिका जिंदल ने कहा कि भारत सरकार की स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने की यह पहल बहुत ही सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि 99 वर्षीय ओसी कपूर ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में जहां सुकेत सत्याग्रह में अपना अहम योगदान दिया। वहीं रानी खैरगड़ी के साथ मिलकर भी अंग्रेजी शासन की जड़े हिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर स्वतंत्रता सेनानियों से हमें देश को और आगे ले जाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।