शिमला, 26 नवम्बर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 दिसम्बर को हिमाचल आएंगे। सतारूढ़ भाजपा सरकार के चार साल पूरा होने के उपलक्ष्य पर होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को हिमाचल आने का न्यौता दिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार का चार साल का कार्यकाल 27 दिसम्बर को पूरा होगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार हिमाचल आएंगे। उनके कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल चिन्हित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनावी वर्ष में भाजपा संगठन को चुस्त-दुरूस्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। इस कड़ी में प्रदेश में पन्ना कमेटियों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा लाभार्थी सम्मेलन और पंचपरमेश्वर सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में सुरेश कश्यप ने कहा कि उपचुनाव में हार हमारे लिए सीख है और हम कमियों का अवलोकन कर इनमें सुधार लाएंगे। उन्होंने कहा कि शिमला में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत करने का खाका तैयार किया गया, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार सत्तासीन हो सके।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की हार के कारण अति आत्मविश्वास और सहानुभूति फैक्टर भी रहा। प्रदेश में भाजपा वर्ष 2014 से लगातार जीतती आ रही थी और इस कारण इन उपचुनावों को कहीं न कहीं गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि मंडी, अर्की और फतेहपुर सीटों पर उपचुनाव में कांग्रेस के दिवंगत नेताओं की सहानुभूति से कांग्रेस को फायदा मिला।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।