नाहन, 26 नवंबर : शिलाई कांग्रेस मंडल द्वारा निष्कासन के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अजय चौहान ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि निष्कासन का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है और पार्टी के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपना व्यक्तिगत हित साधने के लिए चुनिंदा लोगों को निशाना बना रहे हैं, जिसका सीधा नुकसान कांग्रेस पार्टी को हो रहा है।उन्होंने बताया कि वह लगातार पिछले 10 वर्षों से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं।
विधानसभा युवा कांग्रेस से लेकर शिमला लोकसभा युवा कांग्रेस में उपाध्यक्ष पद पर रह कर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। तथा इस वक्त जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव के पद पर तैनात है। चौहान ने कहा कि पार्टी ने उनको जो भी जिम्मेदारियां आज तक सौंपी है,उसे पूरा करने का हर संभव प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि वह युवा कांग्रेस के चुनाव अधिकारी के रूप में देश के विभिन्न राज्य पंजाब, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड में कार्य कर चुके हैं। साथ ही कुछ महीनों पूर्व सोलन नगर निगम और हाल ही में मंडी लोकसभा के चुनावों में भी पूरी निष्ठा से कार्य किया है।
चौहान ने बताया कि वह हमेशा पार्टी के प्रति वफादार रहेंगे और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करते रहेंगे। अपने निष्कासन के खिलाफ वो जिला कांग्रेस कमेटी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे।उन्होंने बताया कि इस तरह के फैसलों से पार्टी के लिए दिन-रात कार्य करने वाला हर कार्यकर्ता अपने को मायूस और हताश महसूस कर रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों से शिलाई मंडल कांग्रेस को बचना चाहिए। पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए भाजपा की जन विरोधी नीतियों का खुलकर विरोध किया और अनेकों धरने प्रदर्शन किए। जिसके चलते उन्होंने कई बार पुलिस की लाठियां भी खाई। अनेक बार गिरफ्तारी वारंट भी जारी हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी पांच मुकद्दमे उनके खिलाफ चल रहे हैं।
अजय चौहान का कहना है कि हॉली लॉज और विक्रमादित्य से प्रेम तो आज हिमाचल के हर एक युवा को है। यह प्रेम तो राजा वीरभद्र सिंह की देन है, जिन्होंने हिमाचल की जनता के दिलो में राज किया है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव व पूर्व चेयरमैन दलीप चौहान ने भी दिन-रात संगठन को दिए हैं। संगठन अपने साथ रखे या न रखे फिर भी अजय चौहान और दलीप चौहान कांग्रेस पार्टी के लिए उसी भावना और समर्पण से कार्य करते रहेंगे।
अजय चौहान ने बताया कि उनके ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं, उस विषय में उन्हें अभी तक कोई भी जानकारी प्राप्त नहीं हुई हैं। सिरमौर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर से भी बात हुई है. लेकिन उन्हें भी अभी इसके विषय में कोई जानकारी नहीं है।