शिमला, 25 नवंबर : रोहड़ू पुलिस ने गुच्छी की खेप के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बोलेरो में सवार होकर गुच्छी ले जा रहे थे। पुलिस ने बीती रात को मैंहदली के पास नाका लगाकर बोलेरो को जांच के लिए रोका और तलाशी के दौरान 29.600 किलो गुच्छी बरामद की। आरोपियों के पास गुच्छी को ले जाने का परमिट नहीं था।
आरोपियों की पहचान खेम सिंह निवासी कंडाघाट और प्रकाश चंद निवासी रोहड़ू के रूप में हुई है। रोहड़ू पुलिस ने दोनों के विरुद्ध फॉरेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि गुच्छी पहाड़ी इलाकों में उगाई जाने वाली सब्जी है। इसे दुनिया की सबसे महंगी सब्जी माना जाता है। इसकी कीमत हमेशा आसमान छूती है। गुच्छी का बड़े पैमाने पर निर्यात किया जाता है।
भारत में गुच्छी की पैदावार हिमाचल के अलावा कश्मरी व हिमालय की उंची पहाड़ियों में होती है। इसमें पौष्टिकता भी भरपूर होती है। वहीं इसके नियमित सेवन से दिल की बीमारी से बचा जा सकता है।