सोलन, 07 नवंबर : जिला के नालागढ़ में सिविल अस्पताल के शौचालय में रविवार को छह माह का भ्रूण मिला है। शौचालय में पड़े भ्रूण को देखते ही अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नालागढ़ के वार्ड नंबर एक में रहने वाली सफाई कर्मी शोभा ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार को वह हर रोज की तरह शौचालय की सफाई कर रही थी। तभी उसने देखा की शौचालय की सीट के अंदर पानी नहीं जा रहा था। जिस पर उसने शौचालय की सीट के अंदर सफाई करने वाला पंप डाला तो पंप के साथ भ्रूण बाहर निकला। जिससे उसने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार दीक्षित को इसकी जानकारी दी। डॉक्टर ने मौके पर जाकर भ्रूण की जांच की तो मृत पाया गया। बताया जा रहा है कि भ्रूण मेल था व पांच से छह माह का था।
वहीं आपको बता दें कि हाल ही में बद्दी में और बद्दी सीएचसी के पास भी भ्रूण मिले थे पर अभी तक पुलिस एक भी मामला सुलझा नहीं पाई है।
मामले की पुष्टि करते हुए सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर वैभव कुमार ने बताया कि महिला सफाई कर्मी ने सुबह डॉ. मनोज कुमार को इसकी सूचना दी थी जिसके बाद पुलिस को इस बारे में अवगत कराया गया और पुलिस इसमें कार्रवाई कर रही है। वहीं फोन पर डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि यह भ्रूण किसी महिला ने जन्म को छिपाने के चलते शौचालय में फेंक दिया है। पुलिस ने धारा 318 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।