मंडी,25 अक्तूबर : जनता के सहयोग से इस बार मंडी के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कौल सिंह ठाकुर का संन्यास करवाकर ही रहेंगे ताकि एक लंबे समय से उनकी यह इच्छा पूरी की जा सके। यह बात मंडी लोकसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान सोमवार को द्रंग विधानसभा के कटौला में कही। उन्होंने कटौला में आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर पर हमलावर होते हुए कहा कि वे चुटकुले मारने में माहिर हैं।
उन्होंने कहा कि वे पहले भी राजनीति से संन्यास लेने की बात कह चुके हैं लेकिन इस बार द्रंग की जनता के सहयोग से उन्हें संन्यास दिलवाकर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की पहचान केवल ईमानदारी और शराफत ही है। वे आज जनता के बीच में केंद्र की सरकार के 7 वर्षों और प्रदेश सरकार के चार वर्षों के विकास और योजनाओं को लेकर जा रहे हैं। आने वाले समय में मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता की आवाज को बुलंद कर उनकी समस्याओं के निराकरण का कार्य किया जाएगा।
इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राज परिवारों को ही सत्ता में देखना चाहते हैं। भेदभाव, अनाप शनाप बयानबाजी को ही राजनीति मानते हैं जबकि भाजपा साफ सुथरी राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मैडल एक सैनिक का सम्मान होते हैं उन्हें साथ रखना गर्व की बात है।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मैडल कार्य करने से मिलते हैं यदि बाजार में मिलते तो सभी कांग्रेसी मैडल डाल घूमते नजर आते। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि वे भी अपनी उपलब्धि पर जनता के बीच जाएं न की किसी और के कार्यों के दम पर चुनाव में जाएं।
इस दौरान सोमवार को भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में अपने चुनाव प्रचार के दौरान दो दर्जन से ज्यादा जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ द्रंग से भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर, मिल्क फेड के चेयरमैन निहाल चंद ठाकुर व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।