सोलन, 17 अक्तूबर : शहर में एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर हुई बहस बाजी झगड़े में तब्दील हो गई। मामला इतना बढ़ गया की वर पक्ष के लोगों ने युवक का पीछा कर उसे सरेआम बाजार में पीटा।
पुलिस ने मशक्कत के बाद युवक को पीटने वालों के चंगुल से बचाया। पुराने बस स्टैंड पर बीती रात सन्नी पुत्र मामराज निवासी छछरौली यमुनानगर (हरियाणा) से अपने दोस्त की शादी में सोलन आया हुआ था। शादी में वो डीजे पर दोस्तों के साथ नाच रहा था। इसी दौरान दूल्हे के परिजनों ने नाचने पर आपत्ति जाहिर की। जिसके बाद दोनों की आपस में बहस बाजी हो गई।
शादी समारोह में दूल्हे की तरफ से अन्य लोग भी एकत्रित होने लगे। लड़ाई झगड़े की आशंका को देखते हुए वो समारोह से चले गए, लेकिन शादी में मौजूद 10-12 लोग इन्हें पकड़ने के लिए पीछे दौड़े। उसके दोस्त रिक्की व रवि पुराना बस स्टैंड की तरफ दौड़े। डर के कारण सन्नी पुराना बस स्टैंड के साथ ही सड़क के नीचे गली में छुप गया। जहां पीछा कर रहे लोगों ने इसके साथ मारपीट की।
वही, मौके पर पुलिस ने पहुंचकर बड़ी मुश्किल से उसे बचाया। सन्नी ने पुलिस में 6 लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।