ऊना, 17 अक्तूबर : उपमंडल गगरेट के तहत जाडला कोइडी गांव में 60 वर्षीय वृद्ध की मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुभाष चंद पुत्र जगदीश सिंह निवासी जाडला कोइडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुभाष चंद निवासी जाडला कोइडी अपने खेतों में बाड़ की साफ सफाई कर रहा था। कार्य करते समय खेतों में ही एक पेड़ पर एक बेल को जोर से खींचा। बेल के खींचने पर उस पेड़ पर बैठे मधुमक्खियों के छत्ते पर हलचल हुई और मधुमक्खियों ने सुभाष चंद को काट लिया।
सुभाष चंद पर सैकड़ों मधुमक्खियों के हमले से वो खेतों में ही बेहोश हो गया। उसके परिजन उसे स्थानीय सिविल अस्पताल गगरेट लेकर आए, लेकिन गगरेट में उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। ऊना अस्पताल में देर रात सुभाष ने दम तोड़ दिया। इस मामले की सूचना थाना गगरेट में सुभाष के परिजनों ने दे दी है ।