संगड़ाह, 10 सितंबर : करीब-करीब एक साल पहले भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुई पूव जिला परिषद अध्यक्षा दयाल प्यारी सक्रिय हो गई है। दरअसल, शुक्रवार को यूथ कांग्रेस ने राजगढ़ में पच्छाद व श्री रेणुका जी क्षेत्र के युवाओं का एक सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें बतौर मुख्य वक्ता प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में दयाल प्यारी ने भी शिरकत की।
दीगर है कि दयाल प्यारी की कांग्रेस में एंट्री के बाद मुसाफिर समर्थकों ने खासा बवाल किया था। अपै्रल 2020 में बड़ी संख्या में मुसाफिर समर्थकों ने इस्तीफा देने की धमकी दी थी। दरअसल, दयाल प्यारी की कांग्रेस में एंट्री बेहद ही गोपनीय तरीके से दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में हुई थी। हालांकि, वो हाल ही में सोलन नगर निगम के चुनाव में भी सक्रिय थी, लेकिन अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र में खुले तौर पर नजर नहीं आ रही थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में एक साल का वक्त रह गया है।
ऐसे क्यास लगाए जा रहे हैं कि पच्छाद सीट को जीतने के लिए कांग्रेस एड़ी -चोटी का जोर लगा सकती है। अगर भाजपा को इस हलके से पटखनी मिलती है तो उस सूरत में अपरोक्ष तौर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को भी हराया जा सकता है। इस हलके से मुसाफिर ने 7 बार चुनाव जीता है। उप चुनाव में भी कांग्रेस ने मुसाफिर पर ही दांव खेला था। लेकिन उप चुनाव में सत्ता ने मुसाफिर को हार दिखा दी।