शिमला, 26 अगस्त : भूपेंद्र सिंह बॉबी हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संघ के नए अध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने लगातार दो बार अध्यक्ष रहे संजीव शर्मा को सीधे मुकाबले में मात दी है। भूपेंद्र सिंह बॉबी ने 452 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजीव शर्मा 288 वोट हासिल कर पाए।
इस तरह भूपेंद्र सिंह बॉबी 164 मतों से जीत दर्ज कर अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हुए।महासचिव पद पर महेश कुमार ने जीत दर्ज। उन्हें 417 मत पड़े जबकि पूर्व में महासचिव रहे कमल कृष्ण शर्मा 323 वोट ही हासिल कर पाए। बुधवार को राज्य सचिवालय में हुए चुनाव में 700 से अधिक कर्मचारियों ने मतदान किया। देर शाम घोषित हुए चुनाव नतीजों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चानन मेहता, उपाध्यक्ष पर राजेन्द्र सिंह म्यान, संयुक्त सचिव पर महेंद्र और कोषाध्यक्ष पर संजय काबिज हुए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद का मुकाबला सबसे अधिक रोचक रहा। चानन मेहता ने सीधे मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश धीमान को 3 मतों से शिकस्त दी। चानन मेहता को 371 वोट प्राप्त हुए। जबकि राजेश धीमान को 368 वोट पड़े। उपाध्यक्ष पद पर राजेन्द्र सिंह म्यान ने 543 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वन्द्वी प्रेम धर्मा 191 वोट ही ले पाए।
संयुक्त सचिव पद पर भी मुकाबला दिलचस्प रहा और महेंद्र 265 वोट लेकर इस पद पर काबिज हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी धर्मेंद्र को 251 वोट मिले। इसी पद पर किस्मत आजमा रहे विजेंदर 221 वोट ले सके। कोषाध्यक्ष पद पर संजय काबिज हुए। उन्हें 319 वोट पड़े, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वन्द्वी रामपाल को 232 वोट मिले। इस पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे अन्य उम्मीदवारों में प्रकाश को 102 और कृष्ना को 81 वोट मिले।बता दें कि कार्यकारणी के 9 सदस्य पहले की निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रदीप जसवाल ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। शाम साढ़े पांच बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। सचिवालय के अलावा राज्य लोक सेवा आयोग, राज्यपाल सचिवालय और लोकायुक्त के कार्यालयों में नियुक्त कर्मचारियों ने भी मतदान में भाग लिया।