रोनहाट, 26 अगस्त : लाधि महल क्षेत्र की 15 पंचायतों के केंद्र रोनहाट में भाजपा द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बलदेव सिंह तोमर ने आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यक्रम में उपस्थित बीजेपी कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए और बूथ स्तर पर पूरी ताकत के साथ पार्टी का काम करने के लिए उनमें जोश भरा।
तोमर ने बताया कि 15 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर शिलाई विधानसभा का दौरा करके क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के विधायक हर्ष वर्धन चौहान पर वोट बैंक और क्षेत्रवाद की राजनीति करने के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि 60 साल तक राज करने वाले आज भाजपा सरकार द्वारा करवाये जा रहे चहुँमुखी विकास को देखकर बौखला गए है। इसलिए क्षेत्रवाद की राजनीति करके भोलेभाले लोगों को भड़काने का काम कर रहे है।
तोमर ने तिलोरधार में विकास खंड कार्यालय को खोलने के निर्णय को तर्कसंगत बताया और इससे कफोटा और कमरऊ क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के लिए समान रूप से लाभ मिलने की बात कही। रोनहाट में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के करीब 3 दर्जन लोगों ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा।
इस प्रशिक्षण शिविर में शिलाई मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, मंडल उपाध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर, मंडल महामंत्री हरी सिंह ठाकुर, गुमान सिंह पोजटा, मान सिंह सिंगटा, डीआर चौहान, गंगा राम सिंगटा, संत राम शर्मा, सही राम सिंगटा, सतपाल चौहान, द्रौपदी शर्मा, जगो चौहान सहित भाजपा के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।