हमीरपुर,23 अगस्त : हिमाचल में आत्महत्याओं का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। हमीरपुर जिला में शास्त्री की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय युवक ने ब्यास नदी में छलांग लगा कर जान दे दी। घटना सुजानपुर की है, यहां पर एक युवक ने ब्यास नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस को पुल के ऊपर से युवक के कपड़े, फोन एवं अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।
सुजानपुर की पंचायत दाडला का 22 वर्षीय युवक शास्त्री की पढ़ाई कर रहा था। रविवार देर रात को भोजन करने के बाद उसका बर्ताव सामन्य था। रात के समय ही वो घर के पिछले दरवाजे से भागकर सीहोर पुल पर पहुंचा, वहां से उसने ब्यास नदी में छलांग लगा दी। जब लोग सुबह मार्निंग वॉक पर निकले तो वहां पर उन्हें युवक के कपड़े और फोन पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सतपाल ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस के अनुसार पुल के ऊपर से युवक के कपड़े और फोन बरामद हुआ है। ये कपड़े उसी युवक के हैं, साथ ही दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस पुल के आसपास होटल एवं अन्य दुकानों में लगे सीसीटीवी से जांच पड़ताल करने में जुट गई है।