मंडी, 27 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य बने 50 वर्षों का स्वर्णिम सफर पूरा होने जा रहा है। इस उपलक्ष पर राज्य सरकार ने प्रदेश भर में 50 वर्षों के स्वर्णिम सफर की झलक को दर्शाने का निर्णय लिया है। जिला में इन दिनों 100 प्रमुख स्थानों पर प्रदेश के 50 वर्षों के विकास की गाथा को चित्रकारी के माध्यम से उकेरा जा रहा है। आइए आप भी देखिए चित्रकारी के माध्यम से प्रदेश की झलक को।
25 जनवरी 2021 को हिमाचल प्रदेश अपने पूर्ण राज्यत्व की 50वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इस उपलक्ष पर इन दिनों पूरे हिमाचल प्रदेश में विकास, संस्कृति, जनजीवन सहित यहां के इतिहास को दर्शाती पेंटिंग्स बनाई जा रही हैं। प्रदेश में मुख्य स्थलों की दीवारों पर पेंटिंग्स के माध्यम से विकास की गाथा के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति, इतिहास व जनजीवन को उकेरने का कार्य किया जा रहा है।
भाषा एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य करवाई जा रही इस चित्रकारी से छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर की सुंदरता में भी चार चांद लगते हुए नजर आ रहे हैं। जिला के सभी दस उपमंडलों में सात से अधिक टीमों के दर्जनों कलाकार इन दिनों इसी काम में जुटे हुए हैं। डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि ’’मेरा हिमाचल’’ थीम के तहत यह पेंटिंग्स करवाई जा रही हैं। इसमें प्रदेश के 50 सालों की हर गाथा को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में 100 से अधिक दीवारों में यह पेंटिंग्स हो रही हैं और जल्द ही इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।
मंडी कलम के चितेरे राजेश कुमार, उनके बेटे अमन, आर्ट स्टूडेंट गौरव, राधिका, डीएवी की छात्रा रीधि व अनिल गुप्ता की टीम ने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बेहद आकर्षक कलाकृतियां उकेरी हैं जो देखते ही बन रही हैं। इसके अलावा अतुल शर्मा मंडी, शशिकांत सुंदरनगर, रवि सुंदरनगर, अरूण कुमार आदि की टीमें पूरे जिले में उपमंडल स्तर पर इन दिनों इस काम में जुटी है। राजेश कुमार और अमन ने बताया कि शहर की ऐसी दीवारें जिनकी तरफ कोई नहीं देखता था आज पेंटिंग्स के कारण सुंदरता से सराबोर हो गई हैं। इन्होंने इस अनूठी पहल के लिए राज्य सरकार का आभार जताया है और लोगों से पेंटिंग्स का ध्यान रखने की अपील भी की है।
राज्य सरकार के इस प्रयास से न केवल बाहर से आने वाले लोगों को यहां की संस्कृति व विकास यात्रा की झलक देखने को मिल सकेगी। वहीं लुप्त होती जा रही चंबा, कांगड़ा, मंडी समेत हर क्षेत्र की पेंटिंग्स को भी फिर से सामने लाने में मदद मिल रही है।