शिमला,6 दिसम्बर : जिला में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी जनजागरण अभियान शुरू करेगी। इसे पार्टी संगठन व सरकार के तालमेल से शुरू किया जाएगा। शिमला भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि मेहता ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिस प्रकार से विपक्षी दल विशेषकर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री मुख्यमंत्री और सरकार के ऊपर नकारात्मक टिप्पणियां कर रहे हैं वह निन्दाजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री यू-टर्न वाले नहीं, सीधा धरातल पर काम करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता कार्यकर्ताओं की पार्टी है और एक लोकतांत्रिक पार्टी है। यहां हर निर्णय लोकतांत्रिक तरीके से ही लिया जाता है।
उन्होंने कहा की सत्र को स्थगित करने का निर्णय सरकार का अच्छा निर्णय है और इस महामारी के समय यह निर्णय स्वागत योग्य है। कांग्रेस के समय भी मॉनसून सत्र को स्थगित किया गया था, पर उस समय भाजपा ने वीरभद्र सरकार को भ्रष्टाचार के मामलों पर घेर रखा था।
उन्होंने कहा कि जितने भी शिलान्यास एवं सामाजिक कार्यक्रम होने जा रहे है, वह सब वर्चुअल माध्यम से ही किए जाएंगे। भाजपा ने सबसे पहले अपने ऊपर ही इस नियमों को लागू किया है।
रवि मेहता ने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार धरातल पर बेहतरीन कार्य कर रही है और भाजपा एवं सरकार मिलकर हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 महामारी को हराने जा रही है। कांग्रेस के नेताओं के बीच में वर्चस्व की जंग चल रही है और उनके नेता केवल अनुचित बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भी धरातल पर उतरना चाहिए और इस समय राजनीति को छोड़कर सेवा कार्य करने चाहिए।