शिमला, 06 दिसंबर : रोहड़ू उपमण्डल के टिककर क्षेत्र के गुजान्दाली गांव में हुए एक भीषण अग्निकांड में 16 कमरे राख हो गए। शनिवार की रात एक बजे हुई इस आगजनी में 9 परिवार बेघर हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शार्ट सर्किट इसका एक प्रमुख कारण माना जा रहा है।
अग्निकांड में किसी तरह के जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इस हादसे में लाखों रुपये की संपति के नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार यह लकड़ी से बना चार मंजिला मकान था। इसमें 9 परिवार रह रहे थे। मकान लकड़ी का बना हुआ था और आग इतनी भयानक थी कि पूरा भवन राख के ढेर में तब्दील हो गया। रोहड़ू से 2 और जुब्बल से 1 फायर ब्रिगेड आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची और आग को काबू कर गांव को जलने से बचाया।
अग्निशमन विभाग रोहड़ू के मुताबिक अग्निकांड में कुल 9 परिवारों के घर राख हुए हैं। इनमें कलम सिंह पुत्र नानक चंद, मूर्त सिंह पुत्र नानक चंद, चरण दास पुत्र नानक चंद, हिम सिंह पुत्र नानक चंद, जोगिंदर सिंह पुत्र जयराम, राकेश पुत्र जयराम, चन्द्र पाल पुत्र जानकी दास, प्रिंस व यशपाल पुत्र जानकी राज शामिल हैं।
प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल था। खासकर छोटे बच्चे अपने आशियाने को जलता देख कर बिलख रहे थे। प्रभावित परिवार वाले पहने हुए कपड़ों के सिवा कुछ भी नहीं बचा सके। रोहड़ू प्रशासन द्वारा प्रत्येक प्रभावित परिवार को आर्थिक मदद दी जा रही है।
रोहड़ू पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।