शिमला, 03 दिसम्बर : राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर एक सनकी युवक ने खुले आम निर्वस्त्र होकर महिला पर्यटक के सामने अश्लील हरकत की। रिज पर गश्त कर रही पुलिस ने आरोपी को दबोचा और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ सदर थाना पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है। प्रारंभिक तफतीश में सामने आया है कि नशे में चूर होकर आरोपी ने इस हरकत को अंजाम दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली से पति सहित शिमला घूमने आई एक महिला गुरूवार की शाम रिज मैदान पर अकेली खड़ी थी। इसी बीच एक अनजाना शख्स महिला के सामने आया और निर्वस्त्र होकर हो गया। उसकी इस हरकत से महिला भोैचक्की रह गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इतने में रिज पर अन्य लोग भी जमा हो गए और उन्होंने आरोपी को दबोच कर गश्त कर रही पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी को माल रोड स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष ले जाया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अप्पर शिमला का निवासी है। वर्तमान में वह शहर के अनाडेल क्षेत्र में रह रहा है। घटना के वक्त वह शराब के नशे में धूत था। सदर थाना पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।