शिमला 29 नवंबर : ठगी के मामले में 16 साल से फरार चल रहे भगोड़े को पीओ सैल ने मंडी से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मंडी के सुंदनगर निवासी देशराज के रूप में हुई है। भगोड़े देशराज पर राजधानी के छोटा शिमला पुलिस स्टेशन में वर्ष 2004 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। जानकारी अनुसार उसके खिलाफ जाली इकरारनामा तैयार करके जमीन का सौदा करने का आरोप था।
मामले में जमानत मिलने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। वह अदालत में पेश नही हुआ। जिसके चलते अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया था। पीओ सैल ने उसे सुंदनगर स्थित उसके गांव मनजखेतर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के पीओ सैल को उसके गांव आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि अभियुक्त को आगामी कार्रवाई के लिए छोटा शिमला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।