सुंदरनगर, 06 सितंबर : व्यापार मंडल के प्रधान घनश्याम महाजन ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। इसके साथ ही व्यापार मंडल कार्यसमिति को भंग कर दिया गया है। रविवार को प्रदेश व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मंडी जिला के प्रभारी नरेंद्र गोयल की अध्यक्षता में कार्यसमिति की बैठक में सुंदरनगर व्यापार मंडल के प्रधान घनश्याम महाजन ने अपना त्यागपत्र दे दिया। जिसे स्वीकार कर लिया गया और व्यापार मंडल कार्यसमिति को भंग कर दिया गया।
नरेंद्र गोयल ने बताया व्यापार मंडल के नए चुनाव करवाने के लिए 5 सदस्यों की तदर्थ समिति गठित की गई है, जिसमें जितेंद्र शर्मा, अदीप सोनी, धर्म पाल अवस्थी, संदीप कुमार बैक्टर व बिहारी लाल गोयल शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा लगाई गई पाबंदियों में जैसे ही सरकार छूट देने की घोषणा करेगी, उसके 40 दिनों के अंदर ही व्यापार मंडल के चुनाव पूरी पारदर्शिता व संवैधानिक तरीके से संपन्न करवा दिए जाएंगे। नरेंद्र गोयल ने बताया व्यापार मंडल द्वारा जनवरी 2020 में ही नए चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी और 26 अप्रैल को चुनाव करवाने की तिथि निर्धारित कर दी गई थी। मगर कोरोना महामारी के चलते मार्च में सरकार द्वारा लॉकडाऊन लगा दिए जाने से यह चुनाव नहीं हो सके।
उन्होंने व्यापारियों से अनुरोध किया है कि कुछ तत्वों द्वारा व्यापार मंडल बारे किए जा रहे भ्रामक प्रचार के बहकावे में न आएं और संगठित होकर व्यापार मंडल चुनाव को संपन्न करवाने में सहयोग दें। बैठक में घनश्याम महाजन, धर्म पाल अवस्थी, दर्शन सिंह खरबंदा, जितेंद्र शर्मा, अदीप सोनी, नवीन गुप्ता, अनिल सूद, रमेश सैनी, संदीप कुमार बैक्टर व मतिधर शर्मा भी शामिल थे।