नाहन: सोमवार से जनपद में रैड-ग्रीन के फार्मूले से बाजार खुलेंगे। दुकानों के आगे सोशल डिस्टेंसिंग के मकसद से निशान भी लगा दिए गए हैं। प्रशासन के आंकड़े के मुताबिक सिरमौर के नाहन, पांवटा साहिब, राजगढ़ में लगभग 2700 दुकानें चिन्हित की गई हैं। रैड-ग्रीन फार्मूले के तहत तकरीबन 1300 दुकानें खुलेंगी। सोमवार को वही दुकानें खुल पाएंगी, जिनके आगे लाल रंग का निशान लगाया गया है। इसके अलावा प्रशासन ने रविवार को दुकानों के खुलने पर पूरा प्रतिबंध भी लागू किया है। इसके अलावा प्रशासन ने निर्माण कार्यों को छूट दी है, जो कर्फ्यू के दौरान भी शाम 5-6 बजे तक कार्य कर सकेंगे।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर भीड़ बढ़ी तो फैसले में बदलाव भी हो सकता है। दुकानों को खोलने का समय सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। नाई, ब्यूटी पार्लर, जिम व स्पा आदि को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही बाजार खुले हुए हैं।
उधर शराब के ठेकों को खोलने की अनुमति भी सोमवार से होगी, लेकिन ठेकों के भीतर अहाते नहीं चल पाएंगे। इसी तरह ढाबों व रेस्टोरेंट खुल सकेंगे, लेकिन यहां से केवल पैकिंग में ही फूड लिया जा सकेगा। अहातों, ढ़ाबों व रेस्टोरेंटस में बैठने की अनुमति नहीं होगी। उपायुक्त डॉ. आरके परुथी ने कहा कि 3-4 दिन बाद दोबारा समीक्षा की जाएगी। अगर यह महसूस होता है कि भीड़ नहीं हो रही है तो पूरा बाजार भी खोला जा सकता है। अन्यथा ऑड-ईवन के फार्मूले को वापस लेने में भी कोई संकोच नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरीके से बाजार खोलने को लेकर व्यापार मंडल से भी विचार-विमर्श किया गया था।
उपायुक्त ने यह भी आग्रह किया कि संयम बरतते हुए ही खरीददारी करें। अनावश्यक बाजार में निकलने से सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पाएगा। उधर प्रशासन ने सीमावर्ती स्थानों पर किसी के भी प्रवेश पर शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक प्रतिबंध लगाया है। इसमें आवश्यकता वाले सामान से जुड़े लोगों को छूट होगी। प्रशासन ने एक बार फिर साफ किया है कि 65 साल से अधिक उम्र वाले, गर्भवती महिलाएं व 10 साल तक के बच्चे घर में ही रहेंगे। बशर्ते, कोई जरूरी आवश्यकता न हो।
ज़िलाधीश डॉ. आरके परुथी ने यह भी स्पष्ट किया है कि दुकानों में सेनिटाइजर की व्यवस्था होनी चाहिए, साथ ही कर्मियों की संख्या भी 50 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए।