हमीरपुर : डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पहली बार घुटनों का ट्रांसप्लांट किया गया है। एक महिला के दोनों घुटने सफलतापूर्वक विशेषज्ञों की टीम ने बदल दिए। इससे अब वृद्ध महिला अपनी पैरों पर चल सकती है। पहले ही प्रयास में मिली सफलता के बाद विशेषज्ञ काफी खुश हैं। वहीं, वृद्ध महिला भी सफल ऑपरेशन के बाद डाक्टरों को दुआएं दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि महिला के दोनों घुटनें खराब हो चुके थे। इस कारण वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थी। काफी उपचार के बाद भी उसकी समस्या हल नहीं हुई। बाद में स्थिति को भांपते हुए विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम ने महिला के घुटने बदलने का निर्णय लिया। महिला के परिजनों ने घुटने बनाने वाली कंपनी को घुटनों का आर्डर कर रखा था। कंपनी से घुटने उपलब्ध होने के बाद डाक्टरों ने 3 घंटे तक चले ऑपरेशन में महिला के दोनों घुटने बदल दिए। इसके बाद अपनी इस सफलता को विशेषज्ञों ने सेलिब्रेट भी किया। इस दौरान वृद्ध महिला भी उनके साथ रही। ऑपरेशन के बाद महिला मेडिकल कॉलेज में ही स्वास्थ्य लाभ ले रही है। कुछ समय बाद महिला को यहां से डिस्चार्ज किया जाएगा।
माना जा रहा है कि कुछ समय बाद महिला पूरी तरह अपने पैरों पर चलना शुरू कर देगी। जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला हमीरपुर जिला की ही है। काफी समय से घुटने खराब होने के कारण मुसीबतें झेल रही थीं। हर जगह से इलाज लेने के बाद महिला व उसके परिजनों ने घुटनों का ट्रांसप्लांट करवाने का फैसला लिया। हालांकि महिला की उम्र अधिक थी, लेकिन जीने की चाह ने जटिल ऑपरेशन करवाने की हामी भरवा दी। महिला ने तय कर लिया कि दोनों घुटनों का एक साथ ट्रांसप्लांट करवा देगी। पहली बार हुए इस ट्रांसप्लांट से चिकित्सकों को हौसला भी बढ़ा है।
सफल ट्रांसप्लांट करने वाली टीम में डॉ. संजय ठाकुर, डॉ. शिखा, डॉ. रमेश चौहान, एनेस्थीसिया डॉ. मन्नत, डॉ. अंकिता व डॉ. नेहा सहित अन्य स्टाफ शामिल रहा। सफल ट्रांसप्लांट के बाद मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. अनिल चौहान ने डाक्टरों की टीम व महिला को बधाई दी।